मधुबनी पेंटिंग के 200 शिल्पकारों को टूलकिट का वितरण
बिहार की समृद्ध लोककला मधुबनी पेंटिंग को प्रोत्साहित करने तथा शिल्पकारों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज उद्योग विभाग, बिहार सरकार के नियंत्रणाधीन उपेन्द्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान, पटना में 200 पंजीकृत मधुबनी क्राफ्ट के शिल्पकारों के बीच टूलकिट का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य शिल्पकारों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराकर उनकी कला को और अधिक विकसित करना तथा उनकी आजीविका को सुदृढ़ बनाना है।
कार्यक्रम में टूलकिट का वितरण श्री अमन समीर, निदेशक, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम निदेशालय, उद्योग विभाग, बिहार सरकार के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार की पारंपरिक लोककलाएँ राज्य की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। मधुबनी पेंटिंग विश्वभर में प्रसिद्ध है और इसे संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टूलकिट के माध्यम से शिल्पकारों को अपने कार्य में सुविधा मिलेगी और वे अधिक गुणवत्ता युक्त उत्पाद तैयार कर सकेंगे।
कार्यक्रम में श्री मुकेश कुमार, सहायक निदेशक, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार भी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे प्रयासों से शिल्पकारों की आय में वृद्धि के साथ-साथ पारंपरिक कलाओं का संरक्षण भी सुनिश्चित होता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मधुबनी पेंटिंग से जुड़े शिल्पकार उपस्थित रहे। सभी शिल्पकारों ने इस पहल के लिए उद्योग विभाग, बिहार सरकार तथा उपेन्द्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया।
0 Response to "मधुबनी पेंटिंग के 200 शिल्पकारों को टूलकिट का वितरण"
एक टिप्पणी भेजें