महिलाओं को इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर मिलेगा 1 लाख रुपये का अनुदान
पटना, 13 मई
बिहार सरकार ने राज्य में हरित, आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित मंत्रिपरिषद् की बैठक में बिहार इलेक्ट्रिक वाहन (संशोधन) नीति, 2026 को स्वीकृति प्रदान की गई। नई नीति के लागू होने से बिहार में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को व्यापक प्रोत्साहन मिलेगा तथा प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। कैबिनेट में लिए गए इससे संबंधित निर्णय की जानकारी मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने सूचना भवन के सभागार मे आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
इसके बाद परिवहन विभाग की तरफ से सचिव राज कुमार ने विज्ञप्ति जारी कर स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि नई नीति के तहत महिलाओं को इलेक्ट्रिक चार पहिया वाहन खरीदने पर प्रति वाहन 1 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। साथ ही इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन खरीदने वाली महिलाओं को 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। यह प्रोत्साहन राशि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 से ही देय होगा। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम समझा जा रहा है।
विभागीय आंकलन के मुताबिक, बिहार में इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रोत्साहन से वर्ष 2030 तक इनकी संख्या कुल वाहनों में 30 फीसदी होने पर प्रतिवर्ष करीब 10 करोड़ लीटर पेट्रोल या डीजल की बचत होगी। इससे राज्य को प्रत्यक्ष रूप से आर्थिक बचत होगी और आम जनता का परिवहन खर्च भी घटेगा। वायुमंडल में लाखों टन कार्बन उत्सर्जन बंद होने से वायु गुणवत्ता में काफी सुधार होगा।
*विभिन्न वर्गों के लिए आकर्षक अनुदान*
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन खरीदने पर सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को 10 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग को 12 हजार रुपये प्रति वाहन अनुदान दिया जाएगा। वहीं इलेक्ट्रिक मालवाहक तिपहिया वाहन की खरीद पर सामान्य वर्ग को 50 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग को 60 हजार रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी।
0 Response to "महिलाओं को इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर मिलेगा 1 लाख रुपये का अनुदान"
एक टिप्पणी भेजें