प्रखंड के डिग्री कॉलेजों को कोड दिलाने की प्रक्रिया तेज
बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य में नव स्थापित डिग्री महाविद्यालयों को ऑल इंडिया सर्वे ऑन हायर एजुकेशन (एआईएसएचई) कोड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस पहल का उद्देश्य नए कॉलेजों को राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक डाटाबेस से जोड़ना और उनकी मान्यता प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना है। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले शाहाबाद क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों में संचालित डिग्री कॉलेजों को भी एआईएसइचई कोड दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देश जारी कर संबंधित कॉलेजों से आवश्यक सूचनाएं शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया है।उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नए कॉलेजों के लिए एआईएसएचई कोड प्राप्त करना अनिवार्य कर दिया गया है। यह कदम राज्य सरकार की सात निश्चय-3 योजना 2025-30 के तहत बड़ी संख्या में खुले नए डिग्री कॉलेजों को एकीकृत शैक्षणिक ढांचे में शामिल करने के उद्देश्य से उठाया गया है। AISHE कोड मिलने से इन संस्थानों की जानकारी राष्ट्रीय डाटा प्रणाली में दर्ज हो सकेगी, जिससे उनकी पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।पत्र के माध्यम से विश्वविद्यालयों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने अधीनस्थ कॉलेजों के प्राचार्यों, प्रभारियों के नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जैसी आवश्यक जानकारियां तत्काल उपलब्ध कराएं। इससे कोड आवंटन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सकेगी।इस पहल से न केवल नए कॉलेजों को पहचान मिलेगी, बल्कि छात्रों को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा। शिक्षा विभाग का मानना है कि यह कदम राज्य में उच्च शिक्षा के विस्तार और गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
0 Response to "प्रखंड के डिग्री कॉलेजों को कोड दिलाने की प्रक्रिया तेज"
एक टिप्पणी भेजें