प्रखंडों में खुले 211 नए डिग्री कॉलेज, 1 जुलाई से पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी तेज
आरा:राज्य सरकार ने नवस्थापित 211 डिग्री कॉलेजों में आगामी शैक्षणिक सत्र से पढ़ाई शुरू कराने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इन महाविद्यालयों में एक जुलाई से शैक्षणिक गतिविधियां आरंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी उद्देश्य से मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को 30 जून तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने का निर्देश दिया है।
समीक्षा बैठक में कॉलेजों की आधारभूत संरचना, संसाधनों की उपलब्धता तथा शैक्षणिक तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की कमी नहीं रहनी चाहिए। इसके तहत बिजली, पेयजल, शौचालय, जल निकासी, ब्लैकबोर्ड, डेस्क-बेंच, कंप्यूटर और वाटर कूलर जैसी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी, उच्च शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल हुए। अधिकारियों को कॉलेजों की तैयारियों की नियमित निगरानी करने और तय समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि सभी 211 महाविद्यालयों का नाम संबंधित प्रखंडों के नाम पर “राजकीय डिग्री महाविद्यालय” रखा जाएगा। प्रारंभिक चरण में इन कॉलेजों में छह प्रमुख विषयों—हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र—की पढ़ाई शुरू की जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार इन विषयों में नामांकन को लेकर छात्रों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। इनमें हिंदी और इतिहास विषयों के लिए सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह संख्या ग्रामीण और प्रखंड स्तर के छात्रों में उच्च शिक्षा के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है।
बैठक में यह भी बताया गया कि प्रत्येक नए डिग्री कॉलेज के लिए फर्नीचर, उपकरण और अन्य आवश्यक संसाधनों की खरीद हेतु 50 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त भवनों के रखरखाव, विकास और आवश्यक निर्माण कार्यों के लिए प्रति कॉलेज 20 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। इन कार्यों की निगरानी के लिए जिला स्तर पर क्रय एवं कार्यान्वयन समितियों का गठन किया गया है।
सरकार का मानना है कि इन नए डिग्री कॉलेजों के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने प्रखंड में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे उच्च शिक्षा का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा से संबद्ध कॉलेजों में भी नामांकन और शैक्षणिक तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।
0 Response to "प्रखंडों में खुले 211 नए डिग्री कॉलेज, 1 जुलाई से पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी तेज"
एक टिप्पणी भेजें