डा. ए.के.एन. सिन्हा की 32वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि एवं आई.एम.ए. डा. ए.के.एन. सिन्हा राष्ट्रीय सम्मान समारोह का आयोजन
आई.एम.ए. बिहार राज्य शाखा एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बिल्डिंग पटना ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को आई.एम.ए. भवन, पटना में प्रख्यात चिकित्सक एवं आई.एम.ए. के महान नेता स्वर्गीय डा. ए.के.एन. सिन्हा की 32वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ आई.एम.ए. भवन परिसर स्थित डा. ए.के.एन. सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित चिकित्सकों एवं गणमान्य अतिथियों ने उनके चिकित्सा सेवा, संगठन निर्माण तथा समाज के प्रति अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके उपरांत आयोजित सम्मान समारोह में बिहार के 22 वरिष्ठ एवं विशिष्ट चिकित्सकों को चिकित्सा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘‘आई.एम.ए. डा. ए.के.एन. सिन्हा राष्ट्रीय सम्मान’’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आई.एम.ए. बिहार राज्य शाखा के अध्यक्ष डा. अशुतोष शरण ने की। उन्होंने डा.ए.के.एन. सिन्हा की पुण्यतिथि 02 जुलाई को प्रतिवर्ष पूरे बिहार में डा. ए.के.एन. सिन्हा दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की।
समारोह के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री श्री दिलीप कुमार जायसवाल ने अपने संबोधन में चिकित्सकों की समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए सम्मानित चिकित्सकों को बधाई दी। डा. सहजानन्द प्रसाद सिंह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आई.एम.ए. ने अपने संबोधन में कहा कि डा. ए.के.एन. सिन्हा का जीवन चिकित्सा सेवा, संगठनात्मक नेतृत्व एवं सामाजिक समर्पण का प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त गायक श्री राजेश पाण्डेय द्वारा प्रस्तुत भजन संध्या ने उपस्थित सभी अतिथियों को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर आई.एम.ए. के राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के पदाधिकारी, वरिष्ठ चिकित्सक, विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
0 Response to "डा. ए.के.एन. सिन्हा की 32वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि एवं आई.एम.ए. डा. ए.के.एन. सिन्हा राष्ट्रीय सम्मान समारोह का आयोजन"
एक टिप्पणी भेजें