महिला सशक्तीकरण की सबसे मजबूत आधारशिला है शिक्षा : बिहार विधान सभा अध्यक्ष

महिला सशक्तीकरण की सबसे मजबूत आधारशिला है शिक्षा : बिहार विधान सभा अध्यक्ष

बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार आज गौतम बुद्ध महिला कॉलेज, गया जी के 74वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए।

इस अवसर पर “बिहार में महिला शिक्षा एवं सशक्तीकरण : अवसर और चुनौतियाँ” विषय पर आयोजित एक दिवसीय सेमिनार को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महिला शिक्षा केवल एक बेटी का जीवन नहीं बदलती, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाती है।

उन्होंने कहा कि बिहार में बालिकाओं की शिक्षा के क्षेत्र में पिछले वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। साइकिल योजना, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न प्रोत्साहनकारी योजनाओं से बेटियों के लिए शिक्षा के अवसर बढ़े हैं। अब आवश्यकता है कि शिक्षा के साथ कौशल, रोजगार और नेतृत्व के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएँ।

माननीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में छात्राओं को डिजिटल शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता, उद्यमिता और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने महाविद्यालयों में करियर काउंसलिंग, कौशल विकास, इंटर्नशिप एवं रोजगार के अवसरों को मजबूत करने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा तक पहुँच, आर्थिक कठिनाइयाँ, सामाजिक रूढ़ियाँ, डिजिटल असमानता और सुरक्षित परिवहन जैसी चुनौतियाँ अभी भी मौजूद हैं। समाज को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी बेटी की प्रतिभा अवसर के अभाव में न रुके।

गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की भूमिका की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि गया की ज्ञान और आध्यात्मिक विरासत के बीच स्थित यह संस्थान महिला शिक्षा और नेतृत्व का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास को जीवन का आधार बनाकर आगे बढ़ने तथा सार्वजनिक जीवन में नेतृत्व की भूमिका निभाने का आह्वान किया।

माननीय अध्यक्ष ने कहा कि “हर बेटी को शिक्षा, हर बेटी को सुरक्षा, हर बेटी को अवसर और हर बेटी को सम्मान” हमारा सामूहिक संकल्प होना चाहिए। उन्होंने महाविद्यालय परिवार को 74वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

0 Response to "महिला सशक्तीकरण की सबसे मजबूत आधारशिला है शिक्षा : बिहार विधान सभा अध्यक्ष"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2