शिक्षक दिवस पर डॉ. राधाकृष्णन को विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया नमन
भारत के पूर्व राष्ट्रपति, प्रसिद्ध दार्शनिक एवं प्रखर शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती ‘शिक्षक दिवस’ के अवसर पर बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
अपने संदेश में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का जीवन और उनके विचार शिक्षा के महत्व को समझने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में शिक्षकों की भूमिका को सम्मान देने की प्रेरणा देते हैं। शिक्षा राष्ट्र के निर्माण और सामाजिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। शिक्षकों का सम्मान वास्तव में शिक्षा, ज्ञान और राष्ट्र के भविष्य का सम्मान है। शिक्षित एवं संस्कारवान पीढ़ी ही देश के सतत विकास और सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार है।
उन्होंने कहा कि यह दिवस देश के शिक्षकों के योगदान और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नैतिकता और मानवीय मूल्यों का विकास करते हैं तथा उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर देश एवं राज्य के सभी शिक्षकों तथा शिक्षाविदों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे नई पीढ़ी में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक जवाबदेही तथा राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने का आह्वान किया।
0 Response to "शिक्षक दिवस पर डॉ. राधाकृष्णन को विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया नमन"
एक टिप्पणी भेजें