वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय क्षेत्र में 15 नए डिग्री कॉलेजों को मंजूरी, उच्च शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय क्षेत्र में 15 नए डिग्री कॉलेजों को मंजूरी, उच्च शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार

आरा:बिहार सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्यभर में नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना को मंजूरी दी है। यह निर्णय “सात निश्चय–3 ,2025–30” कार्यक्रम के तहत “उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य” योजना के अंतर्गत लिया गया है। इस योजना का उद्देश्य उन प्रखंडों में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना है, जहां अब तक कोई डिग्री कॉलेज नहीं था।इस पहल से वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है। राज्य के कुल 208 प्रखंडों में नए कॉलेज स्थापित किए जाएंगे, जिनमें से 15 कॉलेज वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय क्षेत्र में खोले जाएंगे। इन कॉलेजों को संबंधित विश्वविद्यालयों की अंगीभूत इकाई के रूप में मान्यता दी जाएगी।सरकार की योजना के अनुसार, इन महाविद्यालयों का संचालन प्रारंभिक चरण में अस्थायी रूप से शुरू किया जाएगा, ताकि छात्रों को जल्द से जल्द पढ़ाई की सुविधा मिल सके। प्रत्येक कॉलेज में शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के कुल 44 पद निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 9152 नए पदों के सृजन का प्रावधान किया गया है, जो रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
इसके अलावा, कॉलेजों के जीर्णोद्धार और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए प्रति कॉलेज 50 लाख रुपये की दर से कुल 104 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। यह निवेश शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने में सहायक होगा। इस निर्णय से ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे न केवल शिक्षा का स्तर बेहतर होगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
वहीं, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के अतिथि प्राध्यापक संघ के अध्यक्ष डॉ. आदित्य कुमार आनन्द ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे छात्रों के हित में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।

0 Response to "वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय क्षेत्र में 15 नए डिग्री कॉलेजों को मंजूरी, उच्च शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2