आरा में भाजपा का 47 वाँ स्थापना दिवस धूमधाम से मना
आराः भारतीय जनता पार्टी का 47 वाँ स्थापना दिवस भोजपुर जिला मे भाजपा कार्यकताओं ने अपने घरो पर पार्टी का झंडा फहराकर धूमधाम से मनाया।भाजपा भोजपुर द्वारा आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम मे बिहार के मुख्यमंत्री सह भोजपुर जिला प्रभारी मंत्री विजय सिन्हा जिला कार्यालय मे शामिल हुए।
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा एवं जिलाध्यक्ष ने पार्टी का झंडा फहराया। स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्गा राज,संचालन ई.धीरेन्द्र सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन सीडी शर्मा ने किया।कार्यक्रम की शुरुआत पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि, दीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम से हुआ।तदोपरांत मुख्य अतिथि सहित मंचासीन नेताओं का स्वागत अंगवस्त्र एवं स्मारिका से हुआ।उप मुख्यमंत्री ने कार्यकताओं से भरे सभा भवन मे कार्यकताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रेरणास्रोत डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के विचार आज भी करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रकाशस्तंभ की भांति मार्गदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर उत्साह और ऊर्जा से ओतप्रोत कार्यकर्तागण को संबोधित करते हुए नये साथियों का पार्टी परिवार में आत्मीय स्वागत किया तथा जनसंघ काल के तपस्वी कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उनके अमूल्य योगदान को नमन किया।
उन्होने कहा कि आज जब हम इस गौरवशाली यात्रा को स्मरण करते हैं, तो अटल जी के वे शब्द मन में गूंज उठते हैं कि भारतीय जनता पार्टी जनता के खोए हुए विश्वास को पुनः स्थापित करने के लिए जमीन से जुड़ी राजनीति करेगी। बीते दशकों में असंख्य कार्यकर्ताओं ने इस संकल्प को अपने परिश्रम, त्याग और समर्पण से साकार किया है।
भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र के परम वैभव के लिए समर्पित देशभक्तों का विराट परिवार है। “तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहें न रहें” हमारा केवल नारा नहीं, बल्कि संस्कार है। दीनदयाल जी का एकात्म मानववाद हमारा मार्गदर्शक है और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” हमारा कार्यधर्म है। उन्होंने कहा कि
पंचनिष्ठा—राष्ट्रवाद, लोकतंत्र, सर्वधर्म समभाव, गांधीवादी समाजवाद और मूल्य आधारित राजनीति—हमारे वैचारिक स्तंभ हैं। इन्हीं सिद्धांतों के आधार पर भाजपा लोकतंत्र को मजबूत करते हुए जन-जन के कल्याण हेतु निरंतर कार्य कर रही है।आज भाजपा विकास, विश्वास और नए भारत के संकल्प की पहचान बन चुकी है। यह पार्टी 24 घंटे, 7 दिन राष्ट्र सेवा में समर्पित कार्यकर्ताओं की शक्ति से आगे बढ़ रही है। हमारा लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि हर नागरिक का विश्वास जीतना है।हम सबका समर्पण मां भारती, देश के संविधान और करोड़ों देशवासियों के कल्याण के लिए है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प के साथ हम विकसित भारत और विकसित बिहार के निर्माण हेतु निरंतर कार्यरत हैं।उप मुख्यमंत्री ने भाजपा के सभी कर्मठ, समर्पित एवं राष्ट्रनिष्ठ कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ दी।उक्त अवसर पर मंचासीन पूर्व विधायक अमरेन्द्र प्रताप सिंह,सहकारिता प्रकोष्ठ प्रदेश प्रभारी विशाल सिंह,आरा मेयर इंदु देवी,जिला प्रभारी राजेश सिन्हा, स्थापना दिवस क्षेत्रीय सह प्रभारी सीडी शर्मा,पूर्व जिलाध्यक्ष मिथलेश कुशवाहा अतिथि थे।कार्यक्रम मे बूथ स्तर से जिला स्तर के सभी नेतागण,पदाधिकारी एवं वरिष्ठ और सक्रिय कार्यकर्ता शामिल थे।
0 Response to "आरा में भाजपा का 47 वाँ स्थापना दिवस धूमधाम से मना"
एक टिप्पणी भेजें