भोजपुर में उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
आरा:बिहार के माननीय उपमुख्यमंत्री सह प्रभारी मंत्री, भोजपुर श्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार, भोजपुर में जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी भोजपुर श्री तनय सुल्तानिया द्वारा माननीय उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, माननीय विधायक बड़हरा श्री राघवेंद्र प्रताप सिंह एवं माननीय विधायक जगदीशपुर श्री भगवान सिंह कुशवाहा को पौधा भेंट कर किया गया।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया द्वारा जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री महोदय द्वारा जिले के सभी विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने नगर आयुक्त भोजपुर को निर्देश दिया कि शहर के सभी प्रमुख स्थलों जैसे अस्पताल, बस स्टैंड, मुख्य बाजार आदि में स्वच्छता एवं साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा इनकी निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कचरा उठाव नियमित रूप से किया जाए।
उपमुख्यमंत्री महोदय ने नगर निगम की भूमि पर अवैध होर्डिंग एवं पार्किंग पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होर्डिंग एवं पार्किंग की अनुमति केवल निर्धारित शुल्क प्राप्त करने के बाद ही दी जाए तथा अवैध रूप से ऐसा करने वालों पर जुर्माना लगाया जाए। साथ ही, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए नगर आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी को संयुक्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त, नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत बड़हरा एवं शाहपुर में मोक्षधाम निर्माण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उपमुख्यमंत्री महोदय ने पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
राजस्व संबंधी मामलों की समीक्षा में उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लंबित राजस्व मामलों का निपटारा तय समय-सीमा के भीतर हर हाल में किया जाए। साथ ही, भूमि विवादों की सुनवाई अंचल कार्यालय में ही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भूमि माफियाओं की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भोजपुर श्री राज, उप विकास आयुक्त श्रीमती गुंजन सिंह, अपर समाहर्ता भोजपुर सहित संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
0 Response to "भोजपुर में उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित"
एक टिप्पणी भेजें