डीएम ने गुप्ताधाम में श्रावणी मेले का किया शुभारंभ

डीएम ने गुप्ताधाम में श्रावणी मेले का किया शुभारंभ

सासाराम (रोहतास) जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गुप्ताधाम में एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेले का शुभारंभ गुरुवार को जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। उद्घाटन के उपरांत जिला पदाधिकारी ने वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वन एवं अन्य अधिकारियों के साथ गुप्ताधाम परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा तथा उपलब्ध कराई गयी सुविधाओं का जायजा लिया।
गुप्ताधाम की गुफा में श्रावणी मेले के दौरान जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं को विशेष और नयी सुविधाएं मिलेगी। मुख्य प्रवेश द्वार से अतिक्रमण पूरी तरह हटाकर भवन का रंग-रोगन कराया गया है तथा परिसर को सुव्यवस्थित बनाया गया है। सभी दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित ढंग से दुकानें लगाने का निर्देश दिया गया है। गुफा के भीतर श्रद्धालुओं को होने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए फर्श पर मौजूद नुकीले पत्थरों के ऊपर रबर मैट बिछाए गए हैं। वहीं मार्ग में मौजूद बड़े चट्टानों एवं अवरोधों को जेसीबी मशीन से हटाकर रास्ते को सुरक्षित एवं सुगम बनाया गया है। गुफा के अंदर पर्याप्त ऑक्सीजन एवं प्रकाश की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गयी है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से गुप्ताधाम जाने वाले मार्ग पर चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। फिलहाल केवल बाइक से ही आवागमन की अनुमति दी गई है। वन क्षेत्र में बिना हेलमेट एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस के किसी भी बाइक चालक को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही सभी वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान गुप्ताधाम में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में मंदिर परिसर एवं आसपास क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम, एंबुलेंस एवं कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जाएगी। वन क्षेत्र की शांति एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अनावश्यक हॉर्न बजाने पर रोक लगाई गई है तथा प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है। पुलिस प्रशासन एवं वन विभाग को संयुक्त रूप से पूरे मार्ग पर सतत निगरानी रखने एवं श्रद्धालुओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

0 Response to "डीएम ने गुप्ताधाम में श्रावणी मेले का किया शुभारंभ"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2