बिहार विधान मंडल के माननीय सदस्यों के लिए AI एवं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के वेब पोर्टल पर प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित, माननीय मुख्यमंत्री ने किया पोर्टल का उद्घाटन

बिहार विधान मंडल के माननीय सदस्यों के लिए AI एवं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के वेब पोर्टल पर प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित, माननीय मुख्यमंत्री ने किया पोर्टल का उद्घाटन

*बिहार विधान मंडल के सदस्यों के लिए AI एवं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना पोर्टल पर प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित*

*तकनीक से सशक्त होगी जनप्रतिनिधियों की भूमिका : माननीय मुख्यमंत्री*

*ज्ञान, तकनीक और प्रशिक्षण से सशक्त होंगे जनप्रतिनिधि : डॉ० प्रेम कुमार*


बिहार विधान सभा के विस्तारित भवन स्थित सभागार में आज विधान मंडल के माननीय सदस्यों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना (MKVY) के प्रभावी एवं सतत अनुश्रवण हेतु विकसित वेब पोर्टल के कार्यान्वयन से संबंधित प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, बिहार विधान परिषद् के माननीय सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह और बिहार विधान सभा उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र नारायण यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधान सभा उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र नारायण यादव द्वारा सभी गणमान्य अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।

इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा 'मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना' (MKVY) के सुचारू संचालन और प्रभावी निगरानी के लिए आधिकारिक वेब पोर्टल www.laeo.bihar.gov.in का उद्घाटन किया गया। 

अपने स्वागत संबोधन में बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने माननीय मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने गयाजी के प्रबोधन कार्यक्रम में ही AI पर एक सत्र रखने का आग्रह किया था, परंतु समयाभाव के कारण वहाँ संभव नहीं हो पाया था। इसी का आयोजन आज हो रहा है और साथ ही MLA फंड के कार्यान्वयन पर भी ज्ञानवर्धन होगा। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ माननीय सदस्यों की भूमिका भी निरंतर विस्तृत एवं अधिक ज्ञान-आधारित होती जा रही है। इसी उद्देश्य से बिहार विधान सभा द्वारा सभी माननीय सदस्यों के लिए ऐसे प्रबोधन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे वे नवीनतम विषयों, शासन की कार्यप्रणाली तथा विकासोन्मुखी योजनाओं की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों सत्र ज्ञानवर्धक, व्यावहारिक तथा संवादपरक होंगे और सभी माननीय सदस्यों से अनुरोध किया कि वे पूरी सक्रियता के साथ इन सत्रों में सहभागिता करें तथा इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएँ।

माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने कहा कि शासन और जनसेवा को प्रभावी बनाने की दिशा में तकनीक का उपयोग समय की मांग है। भवन निर्माण विभाग के कार्यों में पहली बार AI के उपयोग से 5 से 7 प्रतिशत तक की राजस्व की बचत हुई है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में पूर्णरूपेण मानवरहित आवेदन और सहयोग योजना के माध्यम से सीधे किसानों को लाभ पहुंच रहा है और उसका निष्पादन निर्धारित समय से हो रहा है। यातायात सुविधा को डिजिटल बनाने की दिशा में मेट्रो के संचालन से जाम की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने सुझाव दिया कि माननीय सदस्यों के सहयोगियों को भी आधुनिक तकनीक में प्रशिक्षित करना समय की मांग है। 

बिहार विधान परिषद् के माननीय सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह ने तकनीकी एवं संसदीय कार्यप्रणाली में AI की उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किये और प्रबोधन कार्यक्रम के आयोजन के लिए माननीय विधान सभा अध्यक्ष के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MLA Fund) की कार्यप्रणाली, वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा पीएमआईएस (PMIS) वेब पोर्टल की जानकारी दी। इस दौरान माननीय सदस्यों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की विकास योजनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे एवं अपने विचार तथा सुझाव साझा किए।  

द्वितीय सत्र में सूचना प्रावैधिकी विभाग के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता से संबंधित प्रस्तुति दी गई।
इस सत्र के पश्चात आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में भी माननीय सदस्यों ने बढ़–चढ़कर हिस्सा लिया । 

कार्यक्रम के अंत में माननीय उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र नारायण यादव ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के माननीय मंत्रीगण, बिहार विधान मंडल के माननीय सदस्यगण, योजना एवं विकास विभाग, सूचना प्रावैधिकी विभाग सहित सभा एवं परिषद् सचिवालय के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

0 Response to "बिहार विधान मंडल के माननीय सदस्यों के लिए AI एवं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के वेब पोर्टल पर प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित, माननीय मुख्यमंत्री ने किया पोर्टल का उद्घाटन"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2